चंडीगढ़। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य की सरकारी स्कूल शिक्षा प्रणाली को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में ऐसे कक्षा-कक्ष तैयार किए जा रहे हैं, जो आत्मविश्वास और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को नया आकार दे रहे हैं।
बैंस ने कहा कि राज्य सरकार की पहल से शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाए हैं और इसके परिणामस्वरूप नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) में पंजाब ने शीर्ष रैंक बनाए रखी है। सरकारी स्कूलों के रिकॉर्ड के अनुसार 265 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स, 45 ने जेईई एडवांस्ड, और 847 ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने बताया कि 11वीं कक्षा में उद्यमिता को मुख्य विषय के रूप में लागू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों में नौकरी खोजने की बजाय नौकरी सृजन की मानसिकता विकसित हुई है। इसके परिणामस्वरूप स्कूलों में छात्रों के नेतृत्व में छोटे उद्यम उभरने लगे हैं। बैंस ने कहा कि इन पहलों से प्रदेश के युवाओं में नवाचार, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिला है, जिससे पंजाब की शिक्षा प्रणाली राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बना रही है। ब्यूरो