यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा गिद्दड़बाहा के विधायक अमरिंदर सिंह
राजा वड़िंग ने कहा कि बादल परिवार ने गिद्दड़बाहा हलके के विकास को कुछ
नहीं किया।
गिद्दड़बाहा को कैलीफोर्निया और अमेरिका बनाने के दावे
हवा हो गए हैं। सच्चाई तो यह है कि हलके के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से
वंचित हैं। राजा वडिंग ने यह बात शनिवार को गिद्दड़बाहा हलके के गांव कोटली
अबलू में पत्रकारों के साथ बातचीत में कही।
उन्होंने गांव कोटली
अबलू, आसा बुट्टर, खिड़कियांवाला, गुड़ी संघर तथा भुट्टीवाला आदि में जन
सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार
द्वारा विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं। खोखली बयानबाजी कर राज्य के
लोगों का ध्यान असल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। लोग पीने के शुद्ध पानी
को तरस रहे हैं। स्वास्थ्य व पशु डिस्पेंसरियों में दवाएं नहीं हैं।
मनरेगा
श्रमिकों को मजदूरी का मेहनताना तक नहीं मिल रहा है। उल्टा सरकार द्वारा
रोजगार व हक मांगने वालों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। लोग कैंसर व काला
पीलिया की नामुराद बीमारी से जूझ रहे हैं। इस मौके सुखमंदर सिंह सुखना
अबलू, बीरदविंदर सिंह गिल, साहिब सिंह भुंदड़, जसविंदर सिंह सेखों, गुरसेवक
सिंह, अंगरेज सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरनैब सिंह, सोहन सिंह, जगजीत सिंह
समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।