फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गेहूं उत्पादकता में विश्व को चुनौती दे रहा पंजाब

Tue, 06 May 2014 10:27 PM IST
अमर उजाला, लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
गेहूं की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में पंजाब पूरे विश्व के देशों को चुनौती दे रहा है। वहीं पूरे देश में सूबा गेहूं उत्पादकता में अव्वल है। इस सीजन के दौरान सर्दी का मौसम लंबा खींच जाने से इस बार झाड़ अच्छा मिल रहा है।
विज्ञापन


 बारिश और ओलावृष्टि की वजह से कहीं-कहीं फसल को नुकसान भी पहुंचा है। इसके बावजूद माहिरों का मानना है कि इस बार प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 4700-4800 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर होने का अनुमान है। वहीं पिछले साल यह 4650 किलोग्राम थी। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के माहिरों का कहना है कि उत्पादकता बढ़ाने के लिए माहिर लगातार रिसर्च को बढ़ावा दे रहे हैं।

माहिरों का कहना है कि पंजाब में प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 4800 किलोग्राम रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में यह 3114 किलोग्राम, मध्यप्रदेश में 2477 किलोग्राम, हरियाणा में 4448 किलोग्राम, राजस्थान में 3174 किलोग्राम, बिहार में 2423 किलोग्राम, गुजरात में 2990 किलोग्राम और देश में औसतन उत्पादकता 3118 किलोग्राम है। वहीं विश्व में औसतन उत्पादकता 3115 किलोग्राम है।
विज्ञापन


इनमें से चीन की 4995 किलोग्राम, फ्रांस की 7599 किलोग्राम, इंग्लैंड की 6657 किलोग्राम, कनाडा की 2888 किलोग्राम, ऑस्ट्रेलिया की 2151 किलोग्राम, पाकिस्तान की 2714 किलोग्राम, अर्जेंटीना की 2973 किलोग्राम, अमेरिका की 3115 किलोग्राम और यूक्रे न की 2800 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है। पीएयू के माहिरों का कहना है कि फ्रांस, यूके  जैसे देश साल में केवल एक फसल लेते हैं। वहीं पंजाब के किसान दो से अधिक फसलें ले रहे हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि विश्व स्तर पर गेहूं की पैदावार में पंजाब की साख काफी सशक्त है।

पीएयू के इकोनॉमिक्स विभाग के हेड डॉ. एमएस सिद्धू का कहना है कि वर्ष 2011-12 में बेहतरीन मौसम होने से 5097 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के साथ पंजाब ने रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद फिर से मौसम की गड़बड़ी या अन्य वजहों से पैदावार एक दायरे में ही स्थिर रही। वर्ष 2012-13 में यह गिरकर 4716 किलोग्राम और 13-14 में 4650 किलोग्राम के आसपास रही। इस बार भी सर्दी लंबी पड़ने से 4700-4800 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उत्पादकता आने का अनुमान है। वर्ष 2011-12 का रिकॉर्ड टूटना मुश्किल है।

डॉ. सिद्धू के अनुसार देश के कुल गेहूं उत्पादन का 18 से 19 फीसदी पंजाब में पैदा किया जा रहा है। वहीं विश्व पैदावार में इसकी हिस्सेदारी तीन फीसदी है। सेंट्रल पूल में पंजाब 43 फीसदी गेहूं का योगदान करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें