शनिवार की शाम को ओलावृष्टि के बाद आधा लुधियाना बर्फ की सफे द चादर से ढक गया। जबरदस्त ओलावृष्टि के बीच लोगों ने भी भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने बर्फ में खूब मस्ती की।
सड़कों पर चल रहे वाहनों पर भी बर्फ जमा हो गई। इससे लोगों को वाहन चलाने में भी दिक्कतें हुईं। ओलावृष्टि और शुक्रवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मौसम में ठंडक एकदम से बढ़ गई। मौसम विभाग के माहिरों का अनुमान है कि आने वाले 24 घंटे में भी बारिश आने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार से ही पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो रही है। शनिवार की सुबह भी बारिश के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी हुई। सुबह के बाद शहर में बारिश रुक गई, लेकिन शाम को आसमान में एकदम से घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरे का नजारा देखने को मिला। इसके बाद एकाएक साहनेवाल से लेकर ढंढारी कलां, ढोलेवाल, बस स्टैंड, माडल टाउन, दुगरी, बीआरएस नगर, माडल टाउन एक्सटेंशन समेत शहर के बड़े हिस्से में जबरदस्त ओले गिरे। लोगों को सड़क पर स्नोफाल जैसा नजारा लुधियाना में ही देखने को मिला। उधर, मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर तक करीब पांच मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। माहिरों का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में भी पश्चिमी विक्षोम का असर अगले 24 घंटे में भी रहने की संभावना है।
ओलों के बाद मौसम खिला
जालंधर। बेमौसमी बरसात ने शहर की सड़कों को कीचड़ से भर दिया। लोगों को सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल हो चुका है। रुक-रुक हो रही बरसात के कारण सड़कों पर गड्ढे पानी से भर गए हैं।
दोपहर के समय बरसातके साथ ओले भी पड़े। हालांकि ओले पड़ने के करीब 15 मिनट बाद ही मौसम खिल उठा। धूप निकल आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। यह धूप सायंकाल तक रही। इस धूप के निकलने से जहां आम जनता ने राहत की सांस ली वहीं, किसानों के कुछ चेहरे भी खिले रहे।