इंटरनेशनल मैचों में सट्टा लगाने वाले तीन सट्टेबाजों को थाना सदर की पुुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.48 लाख रुपये की नकदी, दो लैपटॉप, एक एलसीडी और 22 मोबाइल फोन के साथ-साथ अन्य सामान बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस ने छाबड़ा कालोनी स्थित रंजीत पार्क निवासी संजीव कुमार, जस्सियां रोड स्थित केशव राय व जमालपुर स्थित एचआईजी निवासी अशोक कुमार के खिलाफ गैंब्लिंग एक्ट व धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
थाना सदर के एसएचओ एसआई अमनदीप सिंह ने कहा कि इस समय इंटरनेशनल लेवल पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के मैच चल रहे है। तीनों आरोपी दोनों टीमों के बीच होने वाले मैचों में सट्टा लगाते हैं। रविवार को पुलिस ने बसंत सिटी के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी एक कोठी में मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। पुलिस ने वहां छापा मारा और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन से पता कराने में जुटी हुई है कि उनके संपर्क में कौन-कौन और कितने लोग थे। एसएचओ अमनदीप सिंह ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है। पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि आरोपियों के संपर्क कहा तक और किसके के साथ है।