पठानकोट के पास स्थित चक्की बैंक में बनारस स्पेशल ट्रेन में सवार होकर बैंक का पेपर देने जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले ट्रेन के ड्राइवर मनमोहन सिंह और हेल्पर अभी फरार हैं।
पुलिस उन दोनों की तलाश करने में जुटी हुई है। पुलिस की एक टीम ने दोनों आरोपियों के घरों में भी छापामारी की, लेकिन दोनों आरोपी घर नहीं मिले। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दोनों आरोपियों का पता लगाने के लिए कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थाना जीआरपी के एसएचओ बलदेव सिंह रंधावा ने कहा कि पुलिस ने मामला तो दोनों पर दर्ज कर लिया है, लेकिन दोनों फरार हैं। दोनों आरोपी अपनी ड्यूटी पर भी नहीं आए। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी करने में जुटी हुई है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बैंक का पेपर देने के लिए एक युवती को चक्की बैंक जाना था। वह स्टेशन पहुंची और बनारस स्पेशल ट्रेन में ड्राइवर के साथ वाले कैबिन में बैठ गई। इसी दौरान वहां पर आरोपी मनमोहन सिंह आया और उसने युवती से कहा कि वह भीड़ में कहा बैठेगी वह ड्राइवर वाले कैबिन में उनके पास आराम से बैठ जाए।
युवती की मां उसे ट्रेन में बैठा कर चली गई। इसी दौरान जब ट्रेन चली तो कुछ दूरी पर ही ट्रेन के ड्राइवर आरोपी मनमोहन सिंह ने उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी। उसके साथ मौजूद हेल्पर ने उसका फोन भी छीन लिया। ट्रेन चलानी सिखाने का झांसा दे मनमोहन सिंह ने उसे ड्राइवर की सीट पर बिठा दिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे ट्रेन से नीचे फेंकने की धमकी देकर बैठा दिया। किसी तरह ट्रेन चक्की बैंक पहुंची तो युवती ट्रेन से उतरी और वहां से चली गई। वापस आकर उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी और आरोपियों के खिलाफ जीआरपी में मामला दर्ज कराया।