पंजाब की आर्थिक राजधानी में आने के लिए यदि आप 19 से 23 फरवरी तक का कोई टूर बना रहे हैं तो सावधान रहें, क्योंकि इस अवधि में शहर के ही नहीं बल्कि आसपास के तमाम होटलों में नो-रूम की स्थिति है।
शहर में 20 से 23 फरवरी तक देश की सबसे बड़ी मेडिकल कांफ्रेंस एपीकॉन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से छह हजार डाक्टर, उनके परिवार के सदस्यों के अलावा तीन हजार पेरा मेडिकल स्टाफ के सदस्य लुधियाना में इकट्ठा होंगे।
इसके लिए एपीकॉन आयोजन समिति ने चार दिन के लिए हर्षिला रिसार्ट, लुधियाना गार्डन, विस्लिंग वुड, जीके रिसार्ट, कोठारी रिसार्ट एवं महाराजा रिसार्ट भी बुक कराए गए हैं। एपीकॉन आयोजक कमेटी के को-आर्डिनेटर राजबीर सिंह का कहना है कि बाहर से आने वाले डाक्टरों के लिए लुधियाना के होटलों में तीन हजार कमरे बुक कराए गए हैं। इसके अलावा जालंधर के होटलों में दो हजार कमरों के साथ साथ मोगा, खन्ना, दोराहा, जगरांव इत्यादि आसपास के इलाकों में स्थापित होटलों के कमरे भी बुक करा लिए गए हैं।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ पंजाब के महासचिव अमरवीर सिंह ने कहा है कि एपीकॉन के दौरान लुधियाना के तमाम होटलों में नब्बे फीसदी कमरों की बुकिंग हो चुकी हैं। दस फीसदी कमरे केवल अपने रेगुलर ग्राहकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा नए ग्राहक को अब कोई कमरा नहीं मिल रहा है। साथ ही लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि वे 19 से 23 फरवरी के बीच लुधियाना आने के अपने कार्यक्रम न बनाएं।