जगरांव के गांव सवद्दी खुर्द के छप्पड़ की सफाई के दौरान लिफाफे में पड़े ग्रेनेड और एके 47 के कारतूस मिले। सूचना मिलने पर जगरांव पुलिस ने ग्रेनेड और कारतूस छप्पड़ किनारे ही सुरक्षित रख कर पुलिस पहरा लगा दिया और पीएपी से टीम बुलाई जा रही है।
पंचायत की तरफ से गांव के छप्पड़ की सफाई करवाई जा रही थी। सफाई के दौरान छप्पड़ के कीचड़ में एक प्लास्टिक का लिफाफा मिला। उसे खोलकर देखा तो लिफाफे में काफी मात्रा में ग्रेनेड और एके 47 के कारतूस थे। गांव वालों से सूचना मिलते ही डीएसपी (डी) नवीन कुमार, थाना सदर के सब इंस्पेक्टर जसपाल सिंह वहां पहुंच गए। पुलिस ने लिफाफे में से 14 ग्रेनेड और 33 एके 47 के कारतूस बरामद किए है। ग्रेनेड और कारतूस पर काफी जंग लगा हुआ है।
एसएसपी रवचरण सिंह बराड़ ने कहा कि ग्रेनेड को काफी जंग लगा हुआ है। इन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए पीएपी जालंधर से बम डिस्पोजल टीम बुलाई गई है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि ग्रेनेड को काफी ज्यादा जंग लगा है। इस वजह से उसकी पिन को निकालना काफी मुश्किल होगा। टीम इसे चेक करेगी और अगर इसे बेकार न किया जा सका तो अदालत से इजाजत लेकर इसे नष्ट किया जाएगा।
एसएसपी बराड़ ने कहा कि ग्रेनेड के कारतूस छाबड़ा क्लब हाउस दुकान के एक लिफाफे में थे और उस पर कुछ मोबाइल नंबर भी लिखे हैं। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोबाइल 1990 में शुरू हुए थे और यह असलाह उसके बाद ही फेंका गया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।