सीएम भगवंत मान ने जारी की पंजाबी लिखी हुई घड़ी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस 2023 (21 फरवरी) की पूर्व संध्या पर सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में एक विशेष रूप से डिजाइन की गई घड़ी जारी की। इस घड़ी पर गुरुमुखी लिपि में पंजाबी वर्णमाला के 35 अक्षर खुदे हुए हैं और नीचे मा बोली साडा मान लिखा है। इस दौरान पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि यह घड़ी हमारी मातृभाषा पंजाबी से जुड़े रहने के लिए चौबीस घंटे रिमाइंडर होगी। 21 फरवरी को दिन को चिह्नित करने के लिए पुलिस लाइन में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। लुधियाना पुलिस की पूरी टीम को हिदायत दी गई है कि पंजाबी भाषा में अपने नाम का बैज लगाएं। सभी कार्यालयों में पंजाबी भाषा का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए सीपी लुधियाना ने आदेश दिया है कि सभी पुलिस कार्यालयों और भवनों के कार्यालय बोर्ड पंजाबी भाषा में होने चाहिए।