कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने के लिए पिछले कई दिनों से नगर काउंसिल खन्ना के पार्क में सफाई कर्मचारियों की भूख हड़ताल चल रही थी। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे सफाई कर्मचारियों ने काउंसिल परिषद में जमकर हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने ईओ के दफ्तर और काउंसिल के मेन गेट को ताला लगा दिया और कूड़े की ट्राली लाकर काउंसिल के दफ्तरों और ईओ प्रधान के दफ्तर के बाहर गंदगी फैला दी।
हंगामे की खबर मिलते ही एसडीएम खन्ना शौकत अहमद परे और एसपी राज कुमार जल्होत्रा पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने उनकी मांगों को मानने का आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना बंद किया।
सफाई यूनियन के प्रधान मदन लाल बालू ने कहा कि उनकी मांग है कि नगर काउंसिल हमारे 126 सफाई कर्मचारियों को हाऊस में लाए और सरकार को लिखकर भेजे कि वे इन 126 मुलाजिमों को पगार दे सकते हैं। वे सरकार से अनुरोध करते हैं कि इन सभी कर्मचारियों को पक्का किया जाए।
वहीं जब एसडीएम खन्ना काउंसिल में पहुंचे तो चारों तरफ गंदगी फैली देखी। इस पर उन्होंने सभी कर्मचारियों पर मामला दर्ज करने के आदेश दिए। एसडीएम ने कहा कि लड़ाई अपनी जगह है लेकिन कानून किसी को भी हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। हालांकि मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।
सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान मदन लाल बालू ने कहा कि धरना अभी समाप्त नहीं हुआ है। अगर मंगलवार को काउंसिल ने काम नहीं किया तो अगली रणनीति बनाई जाएगी।