संगरूर में शिक्षा मंत्री की कोठी के समक्ष धरना देते छात्र व प्रो. बलजिंदर कौर।
- फोटो : SANGOOR
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की तरफ से अभी तक 10वीं ओपन कक्षा के विद्यार्थियों का नतीजा घोषित न किए जाने के रोष में छात्रों ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री विजयइंद्र सिंगला की कोठी के सामने धरना दे दिया। इस धरने में आम आदमी पार्टी की हल्का तलवंडी से विधायक प्रो. बलजिंदर कौर ने भी शमूलियत की।
इस मौके पर प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड खासकर शिक्षा मंत्री की नालायकी गरीब, अनुसूचित जाति और आम घरों के उन हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को तबाह कर रही है, जो घरेलू हालातों और मजबूरियों के कारण रेगुलर पढ़ाई करने के बजाए बोर्ड की ओपन स्कूल प्रणाली से पढ़ रहे हैं। ओपन से दसवीं कर रहे छात्रों का नतीजा अभी तक घोषित नहीं किया गया, जिस कारण वह फौज की भर्ती समेत नौकरियों के अन्य अवसरों से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जितनी जल्दी हो सके, बच्चों के नतीजे घोषित किए जाएं। ताकि बहुत से विद्यार्थी 30 अगस्त को हो रही भारतीय फौज की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें।
उन्होंने कहा कि पंजाब के 10वीं ओपन कक्षा के कुल 31 हजार विद्यार्थी हैं। हर वर्ष प्रति विद्यार्थी 15 हजार रुपये फीस अदा करता है। इस हिसाब से कुल 46 करोड़ 50 लाख रुपये बोर्ड/सरकार की तरफ से इकट्ठा किया जाता ह। इतना पैसा इकट्ठा होने के बावजूद सरकार अपनी नतीजा घोषित करने की जिम्मेदारी से भाग रही है।