लुधियाना में शोभा डे के खिलाफ गुरु नानक स्टेडियम में प्रदर्शन करते कोचिस व खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
शूटर अभिनव बिंद्रा के ओलंपिक में पदक से चूकने पर शोभा डे के ट्वीट से भड़के कोच व खिलाड़ियों ने गुरु नानक स्टेडियम ग्राउंड में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान शोभा डे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियोें ने कहा कि शोभा डे की ओर से रियो ओलंपिक में गई भारतीय टीम के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। इस तरह की सोच रखने वाले लोगों को हमें नकारना चाहिए। पंजाब बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव तेजा सिंह धालीवाल, कोच संजीव सोनू, हरजिंदर सिंह, एसएस पन्नू, ब्रिज गोयल ने कहा कि शोभा डे ने इससे पहले कभी भी खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं के बारे में कुछ नहीं लिखा।
इस तरह के लोग खिलाड़ियों की मेहनत नहीं जानते हैं। इन्होंने यह भी मांग की कि अगर शोभा डे ने देश से इस कमेंट के लिए माफी नहीं मांगी तो वह सड़कों पर उतर प्रदर्शन करेंगे।
एथलेटिक कोच संजीव शर्मा सोनू ने कहा कि खेलों में हार जीत लगी रहती है। ओलंपिक में में भाग लेना और देश का प्रतिनिधित्व करना बहुत बड़ी बात होती है। अगर बिंद्रा का चौथा स्थान पर आए हैं तो वह भी देश के लिए गर्व की बात है। शोभा डे ने खिलाड़ियों को कभी प्रैक्टिस करते नहीं देखा। अगर देख लेती तो यह बात न कहती। अगर किसी को मोटिवेट नहीं कर सकते तो डी मोटिवेट भी नहीं करना चाहिए। शोभा डे पर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
पंजाब बास्केटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी तेजा सिंह धालीवाल ने कहा कि शोभा डे को ओलंपिक खिलाड़ियोें पर इस तरह के कमेंट करने का कोई अधिकार नहीं है। जो लोग स्पोर्ट्स को नहीं समझते उन्हें ऐसे कमेंट नहीं करने चाहिए। पूरा हिंदुस्तान खिलाड़ियों के लिए दुआएं कर रहा है और दूसरी तरफ शोभा शर्मनाक ट्वीट कर रही है। ऐसे लोग समाज के लिए धब्बा है। उन्होंने शोभा कर कानूनी कार्रवाई की मांग की ताकि कोई ओर ऐसे कमेंट करने से पहले सौ बार सोचे।