25 हजार की रिश्वत लेते प्रॉपर्टी टैक्स इंस्पेक्टर गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार दोपहर नगर निगम के जोन-बी कार्यालय में दबिश देकर प्रॉपर्टी टैक्स इंस्पेक्टर शुभम को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि इंस्पेक्टर एक व्यक्ति की प्रॉपर्टी के टैक्स संबंधी मामले का निपटारा करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
पीड़ित की शिकायत पर विजिलेंस ने जांच के बाद कार्रवाई की। टीम ने रिश्वत के लेन-देन के दौरान इंस्पेक्टर को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद संबंधित कार्यालय में दस्तावेजों और कंप्यूटर डाटा की जांच की गई। विजिलेंस ने प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात समेत कई दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।