प्रो-रेसलिंग लीग के तीसरे दिन यूपी वारियर्स और दिल्ली वीर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। अंतिम चार बाउट में यूपी वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन कर मुकाबला 4-3 से जीत लिया। इस जीत से यूपी 73 अंक के साथ चौथे से दूसरे स्थान पर पहुंच गया। इससे पहले यूपी 39 अंक के साथ चौथे स्थान पर था, जबकि दिल्ली 68 अंक के साथ पांचवें से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
गुरु नानक स्टेडियम इंडोर हॉल में प्रो-रेसलिंग लीग के तीसरे दिन मंगलवार को यूपी की बबिता और दिल्ली की विनेश फोगट के मैदान में उतरते ही दर्शकों ने जोश से उनका स्वागत किया। पहले बाउट में पुरुष वर्ग (57 किग्रा) में दिल्ली वीर के एर्डनबाट ने यूपी वारियर्स के जयदीप को 6-3 से मात दी। दूसरे महिला वर्ग (58 किग्रा) में यूपी वारियर्स की सरिता ने दिल्ली वीर की येसलिरमॉक को 1-0 से हराया। पुरुष वर्ग (125 किलो) में तीसरा रोमांचक मुकाबला दिल्ली वीर के कृष्ण कुमार और यूपी वरियर्स के जोगिंदर कुमार के बीच हुआ। इसमें दोनों के बीच मुकाबला 8-8 पर बराबरी पर रहा, लेकिन कृष्ण की शानदार बाउट ने जोगिंदर को मात दी। चौथा मुकाबला महिला वर्ग (48 किलो) में दिल्ली की आइकॉन विनेश फोगट और यूपी वरियर्स की कोगट के बीच खेला गया। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट विनेश ने कोगट को अपने सामने टिकने नहीं दिया और 10-0 से करारी पटखनी दी।
पांचवें मुकाबले पुरुष वर्ग (74 किग्रा) में यूपी वारियर्स के पूर्ववेजव ने दिल्ली के दिनेश कुमार को 5-0 से हराया। लीग का रोमांचक मुकाबला महिला वर्ग (53 किग्रा) यूपी की बबिता कुमारी और दिल्ली की लिलिया के बीच हुआ। इसमें बबिता ने लिलिया को 13-12 से पटखनी दी। मुकाबले के अंतिम समय में टेक्निकल कमेटी ने बबिता को विजेता घोषित कर दिया। अंतिम मुकाबला पुरुष वर्ग में यूपी वारियर्स के सत्यव्रत कादिया ने दिल्ली वीर के गुरपाल सिंह को 4-1 से पटखनी दी। मुकाबले में यूपी ने दिल्ली वीर को 4-3 से हराया।
विश्वास था कि मैं जीतूंगी: बबीता
यूपी वारियर्स की बबिता और दिल्ली की लिलिया के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जीत के बाद बबिता का विशेष सम्मान किया गया। बबिता ने बताया कि विपक्षी टीम की लिलिया ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन मुझे पूरी उम्मीद थी कि मुकाबला मैं ही जीतूंगी।
वहीं यूपी के सत्याव्रत कादिया ने बताया कि मेरी टीम का दरोमदार मुझ पर था और मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरा।