लुधियाना। मौका देख घरों में घुस कर मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक आरोपी को थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया जब आरोपी चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए जा रहा था। आरोपी को उपकार नगर स्थित दशहरा ग्राउंड के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के दस मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में गुरु नानकपुरा निवासी यशपाल के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस ने उपकार नगर दशहरा ग्राउंड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी घरों में घुसकर फोन चोरी करता है और चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी उपकार नगर इलाके में ही रैकी करता था। जिस घर का मेन गेट खुला होता था वहां आरोपी मौका देख घुस जाता और अंदर से मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है कि मोबाइल चोरी की वारदातों में उसके साथ कितने लोग शामिल हैं और आरोपी किसे चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए जाता था।