जगरांव रेलवे स्टेशन पर हंगामा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
उत्तर रेलवे फिरोजपुर डिवीजन के जगरांव रेलवे स्टेशन पर कार्यरत प्वाइंट मैन ने स्टेशन मास्टर, लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट के साथ धक्कामुक्की और गालीगलौज किया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोपी प्वाइंट मैन को सस्पेंड कर दिया गया है। इस घटना की शिकायत लोको पायलट अभिषेक ने रेलवे विभाग के आलाधिकारियों को लिखित तौर पर दी है।
लोको पायलट अभिषेक ने अपनी शिकायत में लिखा है कि शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे जब उन्होंने गाड़ी को ऑन ट्रेन किया तब प्वाइंट मैन कपलिंग जोड़ रहा था। उन्होंने अपने असिस्टेंट लोको पायलट को सेफ्टी क्लम्प देकर प्वाइंट मैन के पास भेजा। कुछ देर बाद उन्हें शोर सुनाई दिया। उन्होंने जाकर देखा तो प्वाइंट मैन उनके असिस्टेंट लोको पायलट के साथ गालीगलौज और धक्कामुक्की कर रहा था। उन्होंने प्वाइंट मैन को रोकना चाहा तो उसने उनके साथ भी धक्कामुक्की की।
यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट पहुंचा मामला: वकील से छेड़छाड़ के आरोप में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पर केस दर्ज
उन्होंने कहा कि प्वाइंट मैन शराब के नशे में था और उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। वह किसी तरह प्वाइंट मैन को अपने साथ स्टेशन मास्टर के कमरे में ले गए लेकिन वहां भी प्वाइंट मैन ने हंगामा कर दिया। उसने स्टेशन मास्टर के साथ गालीगलौज की और उनकी कुर्सी तक उठा कर नीचे फेंक दी। शोर शराबा सुन स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस का कर्मचारी मौके पर पहुंचा और उसने हल्का बल प्रयोग कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने रेलवे पुलिस के कर्मचारी के साथ भी गालीगलौज किया।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद असिस्टेंट लोको पायलट ने बना लिया। वीडियो भी आलाधिकारियों को भेज दिया गया है। उत्तर रेलवे फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर अधिकारी रजनीश त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने प्वाइंट मैन को सस्पेंड कर दिया है और इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।