पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी स्टूडेंट एसोसिएशन के विद्यार्थियों की ओर से पंजाब सरकार को विभिन्न विभागों में की जा रही भर्ती में बीएससी एग्रीकल्चर को कम से कम योग्यता रखने के लिए किया जा रहा धरना जारी है। पीएयू गेट नंबर दो के बाहर लगातार दिया जा रहा धरना सोमवार को 17वें दिन भी जारी रहा।
धरने पर बैठे विद्यार्थी पीएयू में चल रहे नार्थ जोन अंतर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे शिक्षामंत्री दलजीत सिंह चीमा से मिले और अपना मांग पत्र सौंपा। शिक्षामंत्री दलजीत सिंह चीमा ने विद्यार्थियों की मांगों को सुना और कहा कि यह मामला सरकार के ध्यान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। दोपहर को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पार्षद भारत भूषण आशु और पार्षद गुरप्रीत गोगी भी गोट नंबर दो के बाहर बैठे विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे।
बिट्टू ने कहा कि किसानों को दिशा दिखाने वाले विद्यार्थियों के साथ सरकार की ओर से धक्केशाही की जा रही है। एचडीओ/एडीओ/ एससीओ के पद के लिए एमएससी रख कर बीएससी (खेतीबाड़ी) के विद्यार्थियों के साथ नाइंसाफी की जा रही है। इस मामले को सरकार के सामने रखा जाएगा और जल्द से जल्द हल निकाला जाएगा। वह विद्यार्थियों के साथ हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि सभी की ओर से यही आश्वासन दिया जा रहा है कि समस्या का हल हो जाएगा लेकिन कोई भी लिखित रूप में नहीं दे रहा है। जब तक पक्के तौर पर आश्वासन नहीं दिया जाता संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।