संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो ने डेहलों तहसील के पटवारी पुनीत कुमार यादव को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक ग्रामीण की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पटवारी उसकी जमीन के बंटवारे के लिए एक लाख रुपये मांग रहा था। पटवारी पहले ही 35,000 रुपये की पहली किस्त वसूल चुका था। पीड़ित ने बाकी रकम देने के बजाय विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा से संपर्क किया। शिकायत मिलने पर ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। दो निष्पक्ष सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पटवारी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये लेते हुए पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला विजिलेंस के थाना आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना में दर्ज हुआ है। आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पटवारी पुनीत कुमार यादव माल हल्का रुड़का में तैनात था। उसने जमीन के बंटवारे के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी। पहली किस्त के तौर पर 35,000 रुपये पहले ही लिए जा चुके थे। विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी को गिरफ्तार किया।