शिरोमणि अकाली दल को छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और अकाली दल के नेताओं पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने टिप्पणी की है।
उन्होंने कहा कि ऐसे दल बदलुओं से शिरोमणि अकाली दल को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस में शामिल हुए हैं, उन्हें अकाली दल में कोई पसंद नहीं करता था। वह हमेशा ही दल बदलने में विश्वास रखते थे। मुख्यमंत्री शनिवार को मॉडल टाऊन स्थित अपने सियासी सलाहकार महेश इंद्र सिंह गरेवाल के घर पहुंचे थे।
इस मौके पर बादल ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का राज्य में कोई जनाधार नहीं है। लोग इनको पसंद नहीं करते। अब जब चुनाव नजदीक आ गए हैं तो दोनों पार्टियों ने बस लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करवाकर बड़ी सफलता दिखानी है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में अकाली दल की सरकार ने जो भी वादा किया है वह पूरा किया है। कांग्रेस बीस सालों में ऐसा विकास करने की सोच भी नहीं सकती, जो अकाली दल ने कर दिया है।
उन्होंने कहा कि लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद का दावेदार होने के बावजूद नकार दिया था और लोग अब भी ऐसा ही करेंगे।