केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश पंजाब में फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने के लिए तीन नए फूड पार्क बनाए जाएंगे। इससे जहां किसान की आर्थिक हालत में सुधार होगा, बेरोजगारी कम होगी वहीं फूड उत्पादों में ढंग से वैल्यू एडीशन की जा सकेगी। इन पार्क से सूबे के पचास हजार किसानों को सीधा लाभ होगा।
सोमवार को लाढोवाल में मल्टी प्रोडक्ट फूड पार्क का नींव पत्थर रखते समय हरसिमरत ने कहा कि केंद्र सरकार प्रति पार्क कॉमन सुविधाओं के लिए 50 करोड़ रुपये की ग्रांट देगी। इन पार्क में करीब एक हजार करोड़ का निवेश हो पाएगा। हरसिमरत ने सुझाव दिया कि इस पार्क का नाम गुरु कृपाल फूड पार्क रखा जाए।
इस अवसर पर गोदरेज टाइसन, सालवान इंटरनेशनल और पैग्रेस्को कंपनियों को अलॉटमेंट पत्र भी सौंपे गए। फूड पार्क में अकेले गोदरेज कंपनी ही साठ करोड़ का निवेश करेगी। सूबे में 260 लाख टन अनाज और 35 लाख टन फल एवं सब्जी की पैदावार की जाती है। एक फीसदी फल सब्जियों की भी प्रोसेसिंग नहीं हो पा रही है। करीब एक लाख करोड़ की फल सब्जी प्रोसेसिंग के अभाव में खराब हो रही है।
हरसिमरत ने कहा कि कपूरथला के फूड पार्क में मक्की की प्रोसेसिंग की जाएगी। इनके अलावा अमृतसर, बठिंडा, होशियारपुर और फाजिल्का में प्रोसेसिंग सेंटर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रालय 150 कोल्ड चेन बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। साथ ही क्लस्टर स्कीम के तहत चार पांच एकड़ में प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की भी स्कीम को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रति क्लस्टर पांच करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है।
नींव पत्थर पर आयोजित समारोह बदला चुनावी रैली में
फूड पार्क के नींव पत्थर पर आयोजित समारोह चुनावी रैली में बदल गया। नेताओं ने मंच से अकाली भाजपा सरकार के काम गिनवाने के साथ लोगों से विकास के नाम पर मोहर लगाने को प्रेरित किया।
डिप्टी सीएम के भाषण, जनता उठकर चल दी
नींव पत्थर समारोह के अंत में डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने जब अपना भाषण शुरू किया तो काफी देर से बैठे लोग उठकर चलने लगे। पंडाल खाली होने लगा। पुलिस मुलाजिमों ने लोगों को रोकने का भी प्रयास किया। जनता को मूड को देखकर सुखबीर ने भी अपना भाषण छोटा कर दिया।
मंच पर सुखबीर, तोता सिंह और गरेवाल से लगातार करते रहे मंत्रणा
फूड पार्क के नींव पत्थर समारोह में जब नेता अपना भाषण कर रहे तो डिप्टी सीएम सुखबीर बादल लगातार कृषि मंत्री तोता सिंह और सीएम के सलाहकार महेश इंद्र सिंह गरेवाल से मंत्रणा करते रहे। समारोह में सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, पूर्व सांसद अमरीक सिंह आलीवाल और दर्शन सिंह शिवालिक मौजूद रहे।