संगरूर। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां की तरफ से मुख्यमंत्री भगवंत मान के निवास के सामने पक्का मोर्चा लगाया गया है। चौथे दिन मोर्चे की कमान महिलाओं ने संभाली। महिलाओं ने बसंती रंग की चुन्नियां लेकर रोष जताया। प्रांतीय नेता हरिंदर कौर बिंदू का कहना है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 7 अक्तूबर की बैठक में स्वीकार की मांगों को लागू करने पर चुप्पी साध रखी है। इसे तोड़ने के लिए 15 अक्तूबर को ललकार दिवस पर बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी।
जसवीर कौर उग्राहां ने कहा कि गुलाबी सुंडी तथा नकली कीटनाशकों, ओलावृष्टि, बारिश अथवा वायरल रोग से कई जिलों में तबाह हुए नरमे तथा अन्य फसलों का पूरा मुआवजा दिया जाए। जीरा के समीप प्रदूषण का गढ़ बनी शराब फैक्टरी को तुरंत बंद करवाया जाए साथ ही भारत माला हाईवे प्रोजेक्ट हेतु मामूली मुआवजा देकर जमीनों पर पुलिस के जबरदस्ती किए जा रहे कब्जे रोके जाएं। एमएसपी पर हर किसान के पूरे धान की खरीद बिना शर्त हो और बिना जलाए पराली संभालने हेतु 200 रुपये प्रति क्विंटल मिलना चाहिए। इस मौके पर मंजीत कौर, कर्मजीत कौर, कुलविंदर कौर, गुरमेल कौर, निरलेप कौर, मनजीत कौर, सुखदेव कौर, अमरजीत कौर, रणदीप कौर, सुखजीत कौर, हरप्रीत कौर, भगवंत कौर मानसा और पंजाब खेत मजदूर यूनियन नेता जसवीर कौर आदि मौजूद रहीं।