संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। शहर के फील्डगंज क्षेत्र में 22 वर्षीय चिराग ने बुधवार सुबह अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन ने ठेकेदार पर बकाया मजदूरी न देने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चिराग पेंटर का काम करता था। आरोप है कि यह आत्मघाती कदम आर्थिक तंगी और ठेकेदार द्वारा लगातार परेशान किए जाने के कारण उठाया। परिवार वालों ने डिवीजन दो पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने चिराग के चार से पांच हजार रुपये रोक रखे थे। जब भी चिराग अपने पैसे मांगता, ठेकेदार उसे नीचा दिखाता और अपमानित करता था। घटना से एक दिन पहले भी मजदूरी के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हुई थी। इसके बाद से युवक बेहद तनाव में था। चिराग अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह अपने चाचा और अन्य रिश्तेदारों के साथ रहता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया है।