कहा - एक साल की मोहलत का नोटिफिकेशन मंजूर नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। मिक्स लैंड यूज वाले इलाकों में औद्योगिक इकाइयों को लेकर कारोबारियों का विरोध बढ़ रहा है। सरकार द्वारा इन इकाइयों को दी गई एक साल की मोहलत से कारोबारी संतुष्ट नहीं हैं। वे अस्थायी राहत के बजाय स्थायी रूप से औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
इसी मांग को लेकर स्मॉल स्केल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने निरंतर धरना देने का एलान किया है। एसोसिएशन के प्रधान जसविंदर सिंह ठुकराल ने कहा कि एक साल की मोहलत समस्या का हल नहीं है। उन्होंने बताया कि स्थायी समाधान होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। एसोसिएशन प्रत्येक बुधवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक जिला उद्योग केंद्र के बाहर धरना देगा। इस दौरान संघ के चार पदाधिकारी काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज करवाएंगे। यह प्रदर्शन तब तक चलेगा जब तक सरकार ठोस कदम नहीं उठाती। पहले भी कारोबारी उद्योग मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जता चुके हैं।
अधिसूचना में संशोधन की मांग
ठुकराल ने सरकार से जारी अधिसूचना में संशोधन करने को कहा। उन्होंने मिक्स लैंड यूज वाले इलाकों को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग की। संघ का मानना है कि इससे इकाइयों की अनिश्चितता दूर होगी। धरने के माध्यम से सरकार पर मांग स्वीकार करने का दबाव बनाया जाएगा। इस मौके पर स्विंदर सिंह हुंजण, सुमेश कोछड़, रजनीश खुल्लर, बलदेव सिंह मठाड़ू, हरभजन सिंह और बलविंदर सिंह भी मौजूद रहे।