लुधियाना के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित ब्राइट वे वीजा इमिग्रेशन के दफ्तर पर गोलियां चलाने की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है, जबकि उसके दूसरे साथी और विदेश में बैठे साजिशकर्ताओं की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
आरोपी की पहचान सलेम टाबरी के हजूरी बाग कॉलोनी निवासी दीपक के तौर पर हुई है। जबकि उसका साथी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में रहने वाले गगनदीप की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने यह मामला हैबोवाल कलां के दुर्गापुरी इलाके में रहने वाले भानव अहूजा के बयान पर दर्ज किया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गगनदीप की तलाश में जुटी है।
डीसीपी क्राइम हरपाल सिंह गरेवाल ने बताया कि 10 और 11 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ब्राइट वे वीजा इमिग्रेशन दफ्तर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं और मौके से फरार हो गए थे।