मुल्लांपुर दाखा (लुधियाना) में इसी कुएं में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
थाना दाखा के गांव मंडियाणी में पुराने कुएं से ईंटें निकालते समय मिट्टी गिरने से दो मजदूर दब गए।
इनमें से एक रस्सी के सहारे बाहर आ गया। दूसरे को तीन घंटे बाद दोपहर करीब ढाई बजे बाहर निकाला गया। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
डीएसपी अजय राज सिंह एवं नायब तहसीलदार जोगिंदर सिंह ने इस ऑपरेशन को चलाया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन और गांव के लोग जमा हो गए। प्रशासन ने जेसीबी मशीनों एवं ट्रैक्टरों की मदद से कुएं से मिट्टी को बाहर निकालने का काम शुरू कराया। मौके पर गांव वालों का जमावड़ा लग गया।
मजदूर मंगा पुत्र मोहन लाल निवासी मंडियाणी ने बताया कि उसने साथी मजदूर गुरदीप सिंह उर्फ सोनू (28) के साथ मिलकर कल ही पूर्व सरपंच गुरदेव सिंह के खेत में बने पुराने कुएं से ईटें निकालकर कुएं को मिट्टी से भरने का ठेका लिया था।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे जब दोनों रस्सी के सहारे कुएं में उतर कर ईंट बाहर निकाल रहे थे तो अचानक मिट्टी खिसकने लगी। दोनों मिट्टी के नीचे दब गए। मंगा किसी तरह रस्सी के सहारे बाहर आ गया। मंगा ने कहा कि उसने तुरंत सरपंच एवं गांव के लोगों को गुरदीप के कुएं में दबने की सूचना दी।
सरपंच से गांव के धार्मिक स्थल से स्पीकर पर इसकी सूचना लोगों को दी और पुलिस को सूचित किया। गांव के लोग बड़ी संख्या में ट्रैक्टर एवं अन्य सामान लेकर कुएं पर पहुंच गए। जेसीबी की मदद से पहले कुएं को दस फीट तक खोदा गया। इसके बाद लोगों ने कस्सियों की मदद से मिट्टी निकाली। दोपहर बाद 2.35 बजे उसे बाहर निकाला गया। उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना दाखा के प्रभारी कुलवंत सिंह ने मजदूर की मौत की पुष्टि की है।