पैसों के लेन देन के चलते गांव ताजपुर बेट के रहने वाले कुलविंदर सिंह को बाइक पर जाते समय रास्ते में रोक युवकों ने पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए। सूचना के बाद थाना डिविजन सात की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में कुलविंदर सिंह की शिकायत पर शिवा, मोनू गुज्जर, लाडी गुज्जर, रुबी, मुकेश गांधी और राकेश गांधी के अलावा छह अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कुलविंदर सिंह की शिकायत के मुताबिक आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश थी। शुक्रवार की देर रात वह बाइक पर मोहल्ला गुरु नानक नगर इलाके में किसी काम से जा रहा था। तभी आरोपियों ने उसे रोक लिया और पिटाई करने लगे। उसने विरोध करना चाहा तो तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। चौकी इंचार्ज जांच अधिकारी एएसआई रविंदर सिंह ने बताया कि सभी हमलावर फरार हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।