फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मानसा में गतिरोध बरकरार: छठे दिन दलजीत का और 20वें दिन भी झोटा का अंतिम संस्कार नहीं, हाईकोर्ट में आज सुनवाई

Mon, 02 Nov 2026 02:32 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मानसा

सार

दलजीत की बहन अमरजीत कौर ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले में दखल देने की मांग की है। याचिका में सीबीआई जांच, पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों से पोस्टमार्टम करवाने और परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग रखी गई है। मामले की सुनवाई आज होगी।
विज्ञापन
मानसा में धरने पर बैठा दलजीत का परिवार - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मानसा में परविंदर सिंह झोटा और भम्मे कलां के दलजीत सिंह के अंतिम संस्कार का मामला लगातार उलझता जा रहा है। रविवार को छठे दिन भी दलजीत के परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, जबकि परविंदर झोटा का 20वें दिन भी संस्कार नहीं हो सका। 
विज्ञापन


दलजीत के परिवार ने अब मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उसकी बहन अमरजीत कौर ने सीबीआई जांच, पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों से पोस्टमार्टम और परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है। उधर, झोटा के परिवार और एक्शन कमेटी ने मुख्यमंत्री व डीजीपी के इस्तीफे की मांग दोहराई है। इस बीच सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के खिलाफ लोकसभा में कार्रवाई की मांग उठाई है।

रविवार को दलजीत के पिता जरनैल सिंह के कहने पर सरपंच गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में ग्राम पंचायत और गांव के प्रमुख लोगों ने उसकी मां शिंदरपाल कौर, पत्नी परमजीत कौर और बहन अमरजीत कौर से मुलाकात की। उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार करने के बारे में बातचीत की, लेकिन धरने पर बैठी मां और पत्नी ने इससे साफ इनकार कर दिया।
विज्ञापन


परिवार का कहना है कि जब तक लक्खा सिधाना, मोहनजीत शेरों और गांव के युवाओं के खिलाफ दर्ज मामले रद्द नहीं किए जाते, तब तक दलजीत का अंतिम संस्कार नहीं होगा। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके बेटे का शव जबरन कब्जे में लिया और उन्हें अंतिम संस्कार के अधिकार से वंचित किया। इसके लिए सरकार और पुलिस को जवाबदेह ठहराने की मांग भी की गई।

इस बीच दलजीत के पिता जरनैल सिंह रिश्तेदारों के साथ परिवार को घर लौटने के लिए मनाने में जुटे हैं। परिवार के सदस्य अभी गांव की निर्धारित जगह पर शोक मना रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके पिता पर दबाव डालकर कुछ ऐसे काम करवाए, जिनके लिए वह सहमत नहीं थे।

हाईकोर्ट में आज सुनवाई, सीबीआई जांच की मांग
दलजीत की बहन अमरजीत कौर ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले में दखल देने की मांग की है। याचिका में सीबीआई जांच, पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों से पोस्टमार्टम करवाने और परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग रखी गई है। मामले की सुनवाई 2 नवंबर को होनी है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने जबरन दलजीत का शव अपने कब्जे में ले लिया, जिसके कारण परिवार उसका अंतिम संस्कार नहीं कर सका।

हरसिमरत ने एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि एसएसपी ने उन्हें सांसद के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने से रोका। उन्होंने स्पीकर से पंजाब सरकार से घटना की रिपोर्ट और एफआईआर से संबंधित रिकॉर्ड मांगने का आग्रह किया है। हरसिमरत ने पत्र में आरोप लगाया कि दलजीत की मौत के बाद पुलिस जबरन उसका शव परिवार से दूर ले गई। 29 अक्तूबर को दलजीत के घर पहुंचने के बाद उन्होंने एसएसपी से बातचीत की थी। उनके अनुसार, अधिकारियों ने बातचीत में दखल दिया और शव ले जाने के मामले में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

झोटा के पिता बोले- मांगें पूरी होने तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
उधर, परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि आंदोलन महीनों तक चले, लेकिन मांगें पूरी होने तक बेटे का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भम्मे कलां और राज्य के अन्य हिस्सों में पोस्टर फाड़ने के मामलों में गिरफ्तार युवाओं को रिहा करने और उनके खिलाफ दर्ज केस रद्द करने की मांग की। उन्होंने बुढलाडा में नशा करते पकड़े गए एएसआई सहजप्रीत सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने और वहां युवाओं पर तोड़फोड़ के आरोप में दर्ज मामले पूरी तरह खत्म करने की मांग भी रखी। भीम सिंह ने स्पष्ट किया कि इन मांगों के पूरा होने के बाद ही सरकार से बातचीत की जाएगी, अन्यथा कोई संवाद नहीं होगा।

20वें दिन भी तिकोनी चौक पर धरना, 5 नवंबर को सीएम आवास घेरने की तैयारी
परविंदर झोटा के अंतिम संस्कार की मांगों को लेकर मानसा के तिकोनी चौक पर रविवार को 20वें दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान 5 नवंबर को संगरूर में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने की योजना पर भी चर्चा की गई। झोटा का परिवार और एक्शन कमेटी मुख्यमंत्री व डीजीपी के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें