संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। औद्योगिक नगरी में आवारा कुत्तों लगातार लोगों पर हमले कर रहे हैं। अब नूरवाला रोड स्थित बाला जी फैक्ट्री के पास कुत्तों के झुंड ने एक नौ साल के बच्चे पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
नूरवाला रोड निवासी त्रिलोकी का नौ वर्षीय बेटा रोहित खाना खाने के बाद पास के ही एक खाली प्लॉट में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पांच से छह आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम के पूरे शरीर को बुरी तरह नोच डाला जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास ही रहने वाली एक महिला तुरंत मौके पर पहुंची। महिला ने कुत्तों को भगाकर रोहित को उनके चंगुल से छुड़ाया। आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में नगर निगम के खिलाफ भारी रोष है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है। उन्होंने मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तुरंत अभियान चलाया जाए।