कोर्ट कांप्लेक्स में शनिवार को एक महिला ने अपने पिता के साथ मिल कर अदालत के बाहर नायब कोर्ट को थप्पड़ जड़ दिए और उसकी वर्दी फाड़ दी।
सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंची। न्यायाधीश के आदेश पर पुलिस ने महिला प्रभजीत कौर और उसके पिता इंद्रजीत सिंह के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वहां से गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
थाना डिवीजन पांच के अधीन आती चौकी कोचर मार्केट के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह ने कहा कि प्रभजोत कौर का अपने पति के साथ झगड़ा चल रहा है। शनिवार को वह केस में अदालत में पेशी भुगतने के लिए आई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर प्रभजोत कौर और उसके पिता अदालत के बाहर बहस करने लगे।
न्यायाधीश को ऊंची आवाज के चलते दिक्कत आई तो नायब कोर्ट कांस्टेबल राजेश कुमार उन्हें शांत रहने के लिए गेट के पास समझाने गया। इस पर गुस्से से तिलमिलाई प्रभजोत कौर ने उसके मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। इसी दौरान इंद्रजीत ने नायब कोर्ट की वर्दी फाड़ डाली।
नायब कोर्ट से मारपीट करने पर वहां शोर मच गया। वहां मौजूद पुलिस मुलाजिमों ने किसी तरह दोनों को छुड़ाया। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जोगिंदर सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।