सिखों ने न सिर्फ देश की आजादी के लिए कुर्बानियां दी हैं बल्कि सिखों का समूचा इतिहास ही कुर्बानियों से भरा है। इसपर भारत को गर्व है। यह बात अल्पसंख्यक मामलों संबंधी केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने कही। उन्होंने शनिवार को माता सुंदरी कॉलेज में हुनर विकास केंद्र का उद्घाटन किया।
पत्रकारों के यूनिवर्सिटी में अशांति के माहौल को लेकर पूछे सवाल पर हेपतुल्ला ने कहा कि युवाओं को अपनी पढ़ाई की तरफ ध्यान देने की जरूरत है। अल्प संख्यक भाईचारों की स्कॉलरशिप अनुदान राशि कम नहीं की गई बल्कि हर साल इसमें जरूरत के अनुसार इजाफा ही हुआ है। उनके अनुसार भारत सरकार के ‘सबका साथ सबका विकास’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए और कुशल भारत के सपने को पूरा करने के उद्देश्य से देश में अल्प संख्यकों के हुनर के विकास के लिए मौलाना आजाद नेशनल एकेडमी फॉर स्किल (मानसा) की स्थापना की गई है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि इन स्किल डेवलपमेंट सेंटरों को खोलने का यह भी मकसद है कि इनसे महिलाएं भी अपने पांवों पर खड़ी हो सकती हैं। इस दौरान उन्होंने माता सुंदरी यूनिवर्सिटी गर्ल्स कालेज में पंजाब के छह स्किल सेंटरों (गांव हीरो कलां, कुलरियां, अबलू, लंबी, नागकलां व मलेरकोटला) का उद्घाटन भी वीडियो लिंक से किया।