शराब पीने का था आदी, कमरे का किराया मांगा तो किया हमला
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, घायल अस्पताल में उपचाराधीन
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। फोकल प्वाइंट की राजीव गांधी कालोनी में युवक ने अपने ही रूम पार्टनर पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल मंजीत कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में दीपक कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मंजीत कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह फोकल प्वाइंट स्थित एक फैक्टरी में काम करता है और दीपक कुमार भी उसके साथ काम करता था। दीपक और वो एक ही कमरे में किराए पर रहते थे। दोनों के बीच कई बार बहस भी हुई। बहस का कारण था कि दीपक शराब पीने का आदी था और दीपक शराब पीकर कमरे में आता था। पिछले काफी समय से दीपक मंजीत को किराया भी नहीं दे रहा था। जब दीपक से किराया मांगा जाता तो आरोपी उसे गालियां देता और कहासुनी के बाद खुद सो जाता था। आठ अगस्त को फिर से मंजीत ने दीपक से किराया मांगा तो आरोपी ने तेजधार हथियार से मंजीत पर कातिलाना हमला किया। आरोपी ने कई वार किए और धमकियां देते हुए फरार हो गया। मंजीत को उसके आसपास के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।