भाई को हुआ शक तो पुलिस ने जांच के बाद दोनों को किया गिरफ्तार
दो दिन पहले हुई थी डाबा इलाके में रहने वाले राजकुमार की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। डाबा के महासिंह नगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिल पति की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे आत्महत्या करार देने की कोशिश की। जब जांच के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा तो मृतक राजकुमार का भाई कुलदीप विश्वकर्मा वहां पहुंच गया। जब शव देखा तो गले पर निशान थे। इसके बाद उसने पुलिस के पास हत्या की आशंका जताई। थाना डाबा पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि राज कुमार की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की है। इसके बाद पुलिस ने साहिबजादा फतेह सिंह नगर इलाके में रहने वाले कुलदीप विश्वकर्मा की शिकायत पर राजकुमार की पत्नी किरण और उसके रिश्तेदार हरकृष्ण नगर निवासी लवकुश के हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
मृतक के भाई कुलदीप विश्वकर्मा ने कहा कि उसके भाई राजकुमार की शादी करीब 15 साल पहले किरण के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। किरण के रिश्तेदार लवकुश का घर में काफी था। दोनों में प्रेम संबंध बन गए, दोनों ने एक-साथ रहने की ठान ली। राज कुमार ने दोनों को समझाया, लेकिन दोनों मन बना चुके थे कि राजकुमार की हत्या करनी है। 6 नवंबर को आरोपियों ने राज कुमार की गला दबा कर हत्या कर दी और खुद बाहर चले गए। कुछ देर बाद आए और शोर मचा दिया कि राज कुमार ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस भी जांच के लिए पहुंची थी तो पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया। भाई ने हत्या की आशंका जताई तो पुलिस ने दोबारा जांच की। दोनों आरोपियों से अलग-अलग सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद आरोप सिद्ध हुए तो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर नरदेव सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। राज कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है।