Punjab Accident News: लुधियाना के जगरांव में हादसा हुआ है। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिर पर गहरी चोट लगने से युवक की मौत हुई है।
लुधियाना के जगरांव के कोठे खूजरा रोड पर शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जसप्रीत सिंह, निवासी जगरांव के रूप में हुई है।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और युवक का सिर सीधे सड़क से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट लगने से सड़क पर खून बिखर गया और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्होंने सड़क पर गिरी बाइक देखी। पास जाकर देखा तो युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन अस्पताल पहुंचाने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल जगरांव में रखवाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा सड़क के टूटे होने के कारण हुआ या फिर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।