परिवार वालों का आरोप स्कूल वालों ने बिना बताए कैसे भेजा, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। हुसैनपुर स्थित श्री आत्म वल्लभ जैन पब्लिक स्कूल के बाहर बुधवार को आक्रोशित परिजनों और इलाका निवासियों ने धरना दिया। यह प्रदर्शन एलकेजी कक्षा के पांच वर्षीय बच्चे को उसकी मां द्वारा स्कूल से ले जाने के विरोध में था। स्कूल प्रशासन ने मुख्य गेट बंद कर छुट्टी का एलान कर दिया।
बच्चे के दादा मंगा राम ने बताया कि बच्चा शुरू से उनके पास पल रहा था। चार माह पहले बच्चे के पिता का निधन हो गया था, जबकि मां बरसों पहले परिवार छोड़ चुकी थी। दादा ने स्कूल प्रबंधन को हलफनामा दिया था कि बच्चे को मां को न सौंपा जाए। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उनका दावा है कि मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे महिला कुछ सहयोगियों के साथ बच्चे को ले गई। परिजनों ने सवाल उठाया कि प्रबंधन की रजामंदी के बिना कोई बाहरी शख्स बच्चे को कैसे ले जा सकता है।
पुलिस पर आरोप और चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली पर सवाल उठाए। परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना के बाद भी पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई। उन्होंने खुद उस वाहन को ढूंढ़ निकाला जिससे बच्चे को ले जाया गया था। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में है और अदालत में विचाराधीन है। पुलिस के अनुसार परिजनों ने कोई विधिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया है।