शार्टकट रास्ते से जल्द पैसे कमाने के चक्कर में नशा सप्लाई करने वाले एक युवक को शुक्रवार को एंटी नारकोटिक्स विभाग ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चालीस ग्राम स्मैक भी बरामद की है। थाना फोकल प्वाइंट में मैट दी चक्की के पास रहने वाले आरोपी विक्रम सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने कहा कि शुक्रवार को पुलिस पार्टी ने ढोलेवाल पुल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहा था तो पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस ने उसे रोक लिया और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। हरबंस सिंह के अनुसार आरोपी मूल रुप से करनाल के गांव खेड़ी का रहने वाला है।
आरोपी एक टेंट की दुकान पर काम करता था, लेकिन उसका खर्च पूरा नहीं हो रहा था। आरोपी ने पैसे कमाने का शार्टकट रास्ता अपनाया और तीन महीने पहले नशीला पदार्थ सप्लाई करना शुरू कर दिया। आरोपी से बरामद स्मैक की कीमत दस लाख रुपये आंकी जा रही है।