कोट ईसेखां के पास के गांव मल्लूवाला में ट्रैक्टर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। वहीं, आईटीआई के पास ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
एएसआई लाल सिंह ने बताया कि बलवीर सिंह पुत्र पूरन सिंह गांव सैरों (सुनाम) गांव मल्लूवाला अपने साथी हरबंस सिंह, सेबी सिंह, गुरचरन सिंह के साथ रीपर से भूसा बनाने जा रहे थे।
मल्लूवाला के पास ही उनका ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। इससे रीपर पर बैठे गुरचरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
वहीं आईटीआई के पास ट्रक की चपेट में आने से लखविंदर सिंह (30) निवासी प्रेम नगर, मोगा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार लखविंदर सिंह वर्कशॉप में मैकेनिक का काम करता था और दोपहर के समय बाइक पर घर जा रहा था।
इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। थाना सिटी पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।