संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। रेलवे स्टेशन के पास 10 नंबर लाइन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक नाबालिगा की मौत हो गई। मृतका की पहचान ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी रिमझिम (17) के रूप में हुई। वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने परिवार से रूठकर स्टेशन पहुंची थी। रिमझिम के पिता रतिपाल ने बताया कि उनके तीन बच्चों में रिमझिम सबसे छोटी थी।
वह बीते दिनों अपने परिवार सहित रिमझिम के मामा के घर गए थे। वहां पर रिमझिम ने किसी बात को लेकर अपने मामा के साथ मजाक किया तो उसकी मां मंजू ने गुस्से में आकर रिमझिम को डांटा और थप्पड़ मार दिया। कुछ देर बाद रिमझिम बिना किसी को कुछ बताए घर से चली गई।
पारिवारिक सदस्यों ने रिश्तेदारों के घरों में बच्ची को ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उनको रविवार सुबह स्टेशन के पास पटरी से किसी नाबालिग लड़की का शव बरामद होने की सूचना मिली। यह सुनकर परिवार मौके पर पहुंचा और शव की शिनाख्त की। जीआरपी ने बाद दोपहर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।