फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल आर्गेनाइजेशन के उद्यमियों ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के साथ मुलाकात करके इंडस्ट्री की समस्याओं पर मंथन किया।
इस दौरान वैट रिफंड, सी-फार्म की किल्लत एवं कई मुद्दों पर बारीकी से चर्चा के बाद डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया कि उद्योग जगत की तमाम समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
फेडरेशन के चेयरमैन केके सेठ ने सुझाव दिया कि साइकिल और पार्ट्स पर वैट की दर को कम करके दो फीसदी किया जाए। इससे जहां उद्योग को राहत मिलेगी।
वहीं इंडस्ट्री पर भी टैक्स का बोझ कम होगा। सेठ ने कहा कि दूसरे राज्यों में सी फार्म की भारी किल्लत है। उद्यमी फार्म हासिल नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में इसकी समय सीमा 2015 तक बढ़ाई जाए। इसके अलावा सी फार्म जारी करने की प्रक्रिया को आनलाइन किया जाए। उद्यमियों ने मांग की है कि लुधियाना में दूसरा कॉमन एफ्ल्यूऐंट ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाए, ताकि इंडस्ट्री से निकलने वाला पानी सही ढंग से प्रयोग हो सके।
बैठक में उद्यमियों ने नए फोकल प्वाइंट बनाने का मुद्दा भी उठाया। इससे नए उद्योग स्थापित होने और मौजूदा उद्योग को विस्तार करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा भी बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई।