एक विवाहिता के साथ डरा-धमका कर कई दिन तक दुराचार करने का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को महिला के गांव का बताकर उसे अपने साथ ले गया। आरोपी ने विवाहिता को उसके पति से जबरदस्ती तलाक लेने के लिए वुमन सेल में याचिका भी दायर करवा दी।
जब वहां पीड़िता का पति आया तो आरोपी वहां से फरार हो गया। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने आरोपी सागर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल जांच फिरोजपुर में हो चुकी है। वहां से पेपर आने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई कुलजीत सिंह ने कहा कि पीड़िता एक फैक्टरी में काम करती है। मार्च में वह खाना खाने के लिए घर जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और बातों बातों में कहा कि वह उसी के गांव का रहने वाला है। वह उसे गाड़ी में बिठा अपने साथ अपने रिश्तेदार के घर ले गया। वहां पर आरोपी ने उसे बंधक बना लिया और विवाहिता के साथ कई दिन तक दुराचार किया। वहां से आरोपी उसे कुछ दिन के लिए अपने अन्य रिश्तेदार के घर ले गया। वहां पर भी आरोपी ने पीड़िता के साथ दुराचार किया।
आरोपी ने पीड़िता से एक शिकायत में जबरदस्ती दस्तखत करवा लिए और कुछ दिन पहले वुमन सेल में पीड़िता से उसके पति से तलाक लेने के लिए शिकायत दिलवा दी। जब वुमन सेल की पुलिस ने पीड़िता के पति को बुलाया। वहां से आरोपी पीड़िता के पति को देखकर फरार हो गया। तब पीड़िता ने सारी बात उसे बताई। एएसआई कुलजीत सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।