नगर निगम के नियमों को अनदेखा कर बन रही मार्केट कमेटी लुधियाना चेयरमैन दर्शन लाल उर्फ लड्डू की पांच मंजिला इमारत को बुधवार सील कर दिया गया है। निगम की इस कार्रवाई की भनक लगते ही सत्ता के गलियारों में खलबली मच गई है। वहीं निगम की इस कार्रवाई की आम लोग प्रशंसा कर रहे है। पहली बार निगम ने सत्ताधारी पार्टी के किसी बड़े नेता पर इस तरह की कार्रवाई की है।
चांद सिनेमा रोड पर लगभग 267 गज में एक बिल्डिंग का निर्माण बीते कई साल से चल रहा है। यह बिल्डिंग मार्केट कमेटी चेयरमैन दर्शन लाल उर्फ लड्डू की है। इस बिल्डिंग का कामर्शियल नक्शा पास करवाया गया है। अब मौके पर पास नक्शे की धज्जियां उड़ा कर बिल्डिंग को पांच मंजिला तैयार कर दिया गया है। इसमें पार्किंग स्पेस का भी मिसयूज किया गया है। वही बिल्डिंग का नियमों को ताक पर रखकर इसकी हाइट को बढ़ाया गया है। मामला सत्ताधारी नेता से संबंधित होने के कारण निगम अफसर कार्रवाई करने से साफ कतरा रहे थे, ऐसे में सिर्फ नोटिस देकर काम चलाया जा रहा था।
14 नवंबर 2019 को निगम की तरफ से पुलिस कमिश्नर को एक पत्र भेजा गया, इसमें बिल्डिंग मालिक पर मामला दर्ज करने के लिए कहा गया था। पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वही बिजली बोर्ड को निगम ने पत्र भेजकर इस बिल्डिंग को कामर्शियल मीटर नहीं देने के लिए कह रखा है। 19 अप्रैल 2020 को निगम ने दोबारा पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा। इसमें बताया गया कि कर्फ्यू के दौरान भी बिल्डिंग निर्माण का काम धड़ल्ले से चल रहा है। इससे आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार 14 जुलाई 2020 को आरटीआई एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल ने निकाय विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को इसकी शिकायत भेजी। इसमें साफ बताया गया कि सत्ताधारी की बिल्डिंग होने के कारण निगम अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे है।
कोट्स
दस दिन पहले ही निगम जोन ए का चार्ज लिया है। मेरे पास बिल्डिंग के संबंध में शिकायत आई थी। जांच में पाया गया कि पार्किंग एरिया का मिसयूज करने के साथ कई खामियां है। निगम टीम को साथ लेकर बुधवार को इस बिल्डिंग को सील कर दिया गया है। - इंदरजीत सिंह, एटीपी जोन ए, नगर निगम