श्री खडूर साहिब/तरनतान। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि आम आदमी पार्टी प्रचार कर रही है कि उपचुनाव में गैंग्सटरों के माध्यम से शिअद का वोट बैंक बढ़ा जबकि सच्चाई यह है कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है।
उद्योगपतियों व बिल्डरों को धमकाकर करोड़ों रुपये वसूले जा रहे हैं। मेरे पास व्यापारियों के करीब 100 एफिडेविट हैं जो आप सरकार से बुरी तरह आहत हैं। सत्ता के आखिरी वर्ष में अब सरकार सरकारी संपत्ति बेचने की तैयारी में है। दिल्ली के व्यापारियों से सौदेबाजी हो चुकी है लेकिन शिअद किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगा। अधिकारियों को चाहिए कि सरकार के कहने पर कोई ऐसा फैसला न लें जिससे पंजाब की जनता का नुकसान हो। आप सरकार के सभी फैसलों का शिअद की सरकार बनने पर हिसाब लिया जाएगा। गुनाहगार अधिकारी हों या दिल्ली के व्यापारी, किसी का लिहाज नहीं होगा।
विस हलका तरनतारन के कस्बा झब्बाल में धन्यवादी रैली में उन्होंने कहा कि शिअद की ओर से आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल व दिल्ली के लुटेरों के खिलाफ आज से सियासी जंग का आगाज कर दिया गया है। भगवंत मान जानते हैं कि आप सरकार को एक वर्ष बचा है इसलिए वह पैसा इकट्ठा करने में लगे हैं। शिअद सरकार ने मोहाली में जो सब्जी मंडी बनाई थी उसको बेचने की तैयारी की जा रही है। पावरकाम की संपत्तियों को बेचने में जुटी यह सरकार पूरी तरह से पंजाब विरोधी साबित हो रही है।
सरकार बनते ही हिसाब लेंगे
सुखबीर ने कहा कि सरकार बनते ही यहां तैनात एसपी रिपुतपन सिंह, सीआइए स्टाफ प्रभारी प्रभजीत सिंह गिल, थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह से पूरा हिसाब लिया जाएगा। जिले में तैनात रवजोत कौर ग्रेवाल ने बतौर एसएसपी जिम्मेदारी नहीं निभाई बल्कि आप की जिला प्रधान के तौर पर सेवाएं दी हैं। जिसका खमियाजा उन्हें चुनाव आयोग के माध्यम से भुगतना पड़ा।