मानसून सीजन में मंगलवार देर रात मौसम ने फिर करवट ली। तेज आंधी के साथ जम कर हुई बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया लेकिन कई जगह पेड़ उखड़ दिए गए।
साइन बोर्ड जमीन पर गिर गए और बिजली व्यवस्था चरमरा गई। पावरकॉम मुलाजिम दिन भर बिजली आपूर्ति सुचारु करने में जुटे रहे। शहर में 27.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के माहिरों का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश होने की संभावना है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मंगलवार रात हुई बारिश से जवाहर नगर, माडल ग्राम, डीएमसी के पास, घुमार मंडी, शाम नगर रोड, मिनी सचिवालय, फोकल प्वाइंट, रानी झांसी रोड, कपूर अस्पताल के पास सड़कों पर कई पेड़ गिर गए। कई जगहों पर पेड़ बिजली की तारों पर गिरे। इससे बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई। फोकल प्वाइंट, धांधरां, हैबोवाल, माडल ग्राम, सिविल लाइन्स, हंबड़ा, फिरोजपुर रोड पर बिजली की तारों को नुकसान पहुंचा।
पावरकॉम के सेंट्रल जोन के चीफ इंजीनियर एनके शर्मा का कहना है कि आंधी के कारण पेड़ गिरने से विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली की आपूर्ति को बहाल करने के लिए पावरकॉम मुलाजिमों की टीमें काम करती रहीं। ज्यादातर हिस्सों में बिजली की आपूर्ति चालू हो गई है। कुछ जगहों पर बड़े फाल्ट हैं, उनको सही किया जा रहा है।