घर से पानी लेने के लिए गए ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिव कालोनी निवासी तूफान अली (11) की सोमवार देर रात ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई। घटना के समय ट्रक चालक ट्रक को पीछे कर रहा था।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। थाना डिवीजन छह की पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई राजवंत पाल सिंह ने बताया कि तूफान इलाके में ही स्थित एक स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता फाजिल हुसैन मजदूरी करते है। सोमवार रात करीब नौ बजे तूफान घर से पास में ही नल से पानी भरने के लिए गया था।
इसी दौरान वह ट्रक के नीचे आ गया। तूफान की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे। उन्हें देखकर ट्रक चालक वहां से भाग निकला। लोगों ने उसका पीछा किया लेकिन आरोपी लोगों को चकमा देकर फरार हो गया।
लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी राजवंत पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापामारी का जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।