पांचों तख्तों के जत्थेदारों से जवाबतलबी करने वाले पंज प्यारों को शुक्रवार को लुधियाना की 27 पंथक जत्थेबंदियों ने सम्मानित किया। सम्मान समागम लुधियाना के गुरुद्वारा गुरु अर्जुन देव सत्संग सभा में गुरुद्वारा कमेटी के सहयोग से किया गया।
समूह जत्थेबंदियों ने पंज प्यारों से कहा कि सारी कौम उनके साथ खड़ी है। पंज प्यारे भाई सतनाम सिंह खंडेवाला, भाई मंगल सिंह, भाई सतनाम सिंह, भाई मेजर सिंह और भाई त्रिलोक सिंह ने सिख पंथ का धन्यवाद किया और कहा कि यह सेवा परमेश्ववर ने आप ली है। उन्होंने कहा कि वह न किसी धड़ेबंदी का हिस्सा बने हैं और न ही बनेंगे। हम भविष्य में सेवा सिमरन सेेवाओं के लिए तत्पर रहेंगे और संगत रुप में विचारेंगे। पंथ की तरफ से जो आदेश मिलेंगे, उसके अनुसार पंथ की चढ़दी कलां के लिए अपना योगदान डालने के लिए अरदास करते रहेंगे।
इस दौरान यह भी अपील की गई कि पंज प्यारों ने कौमी फर्ज निभाते अपनी मुलाजिमत की परवाह नहीं की है। इसके लिए कोई शख्स या संस्था इन के नाम पर कोई उगाही न करे। सम्मान करने वाली संस्थाओं में समूह पंथक तालमेल कमेटी संगठन, सिख मिशनरी कॉलेज, अखंड कीर्तनी जत्था सहित अन्य संस्थाएं शामिल थीं। इस मौके पर पंथक तालमेल संगठन के कनवीनर ज्ञानी केवल सिंह पूर्व जत्थेदार तख्त श्री दमदमा साहिब, ज्ञानी बलवंत सिंह नंदगढ़ पूर्व जत्थेदार तख्त श्री दमदमा साहिब और भाई वीर अनूप सिंह कार सेवा सहित अन्य लोग हाजिर थे।