फोकल प्वाइंट स्थित एक स्टील फैक्टरी में मंगलवार को वहां अंदर खड़े पानी में से गुजर रहे दो मुलाजिमों को करेंट लग गया। इससे दोनों मुलाजिमों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतकों की पहचान गांव संगोवाल निवासी कुलविंदर सिंह (60) और बस्ती जोधेवाल निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है।
दो दिन लगातार बारिश होने की वजह से फोकल प्वाइंट स्थित स्टील फैक्टरी के अंदर पानी जमा हो गया था। मंगलवार दोपहर को वहां पर काम करने वाले कुलविंदर व सुखदेव सिंह वहां से गुजरने लगे तो रास्ता नहीं था।
दोनों ने जैसे ही निकलने के लिए पानी में पैर रखा तो उन्हें करेंट लग गया। इससे दोनों बेहोश हो गए। दोनों के बेहोश होने पर फैक्टरी में भगदड़ मच गई। किसी ने भी पानी के पास जाने की हिम्मत नहीं की। फैक्टरी में तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।
इस दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई तरसेम सिंह ने कहा कि बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वे दम तोड़ चुके थे।