संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। स्वास्थ्य विभाग ने हर शुक्रवार डेंगू पे वार अभियान के तहत जिले के 267 क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान 10,846 घरों और 25,258 कंटेनरों की जांच की गई।
जांच में 45 घरों और 49 कंटेनरों में डेंगू का लारवा पाया गया। लारवा मिलने पर तुरंत कार्रवाई कर उसे नष्ट किया गया। सिविल सर्जन रमणदीप कौर ने कहा, हर शुक्रवार डेंगू पे वार केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार से डेंगू की रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान है। उन्होंने नागरिकों से हर शुक्रवार अपने घर और आसपास की जांच कर जमा पानी हटाने की अपील की। कौर ने यह भी कहा, डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। विभाग ने लोगों से हर शुक्रवार डेंगू पे वार को साप्ताहिक आदत बनाने का आग्रह किया। लुधियाना को सुरक्षित रखने के लिए निगरानी और जागरूकता जारी रहेगी।