लुधियाना में सीपीआई की ओर से शेरपुर के गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास जी के परिसर में समागम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के बुजुर्ग नेता इस्माइल खान खास तौर पर मौजूद रहे। समारोह के दौरान निर्माण मजदूरों को लेबर कार्ड वितरित किए गए।
इन कार्ड के माध्यम से उनको परिवार के इलाज, बच्चों की शिक्षा और विवाह इत्यादि में राहत मिलेगी। पार्टी ने शहर में अब तक विभिन्न समारोह करके 2000 मजदूरों को इस तरह के कार्ड वितरित किए हैं। लक्ष्य पांच हजार मजदूरों के कार्ड बनाने का है।
पार्टी के असिस्टेंट सेक्रेटरी डॉ. अरुण मित्रा का कहना है कि सरकार ने निर्माण मजदूरों के लिए एक स्कीम चला रखी है। इसके तहत मजदूर से सालाना 145 रुपये लेकर उसे एक कार्ड बना कर दिया जाता है।
उस कार्ड से मजदूर के परिवार का साल में तीस हजार रुपये तक स्वास्थ्य पर खर्च कर सकता है। पंजाब सरकार के पास इस स्कीम में 400 करोड़ का फंड मौजूद है, लेकिन जागरूकता की कमी से मजदूरों को इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। पार्टी ने मजदूरों को यह लाभ दिलाने का जिम्मा उठाया है।
पार्टी के जिला सचिव करतार सिंह बुआनी ने कहा कि लोगों ने आजादी पाने के लिए संघर्ष किया था। उसी तरह आज अपने हकों की प्राप्ति के लिए संघर्ष किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।