पीएयू के वैलोड्रम ग्राउंड में करवाई जा रही 68वीं नेशनल ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप के अंतिम दिन केरल ओवरऑल चैंपियन बना। महाराष्ट्र की टीम को रनरअप घोषित किया गया। इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और विभागों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जूनियर वर्ग में केरल ओवरऑल चैंपियन जबकि पंजाब रनरअप रहा। सब जूनियर में महाराष्ट्र ओवरऑल चैंपियन और केरल रनरअप बना। सीनियर लड़कों में एसएससीबी और सीनियर लड़कियों में केरल चैंपियन बनी। लड़कों में 10 प्वाइंट से अमरजीत सिंह नागी जबकि लड़कियों में डेबोरा बेस्ट स्पोर्ट्समैन बनी।
डेबोरा (लड़कियां) ने स्प्रीट रेस 12.094 समय में पूरी कर नया रिकार्ड कायम किया। लड़कों में करनवीर सिंह (आरएसपीबी) ने केरिन में पहला स्थान, आरएसपीबी के प्रभसिमरन ने दूसरा और पंजाब का मंजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहा। प्वाइंट रेस लड़कियों में अमाला विनोद ने पहला स्थान, एचाना एमपी ने दूसरा और रेनुका ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पंजाब के जूनियर लड़कों ने तीन किलो मीटर टीम परसूट में नया रिकार्ड स्थापित कर सोने का पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी ओंकार सिंह, साइकिलिंग कोच सतविंदर सिंह विक्की, लुधियाना स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान जसदेव सिंह सेखों, सुखपाल कौर, रविंदरपाल सिंह, अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट जगदीप सिंह काहलों और जिला खेल ऑफिसर सतपाल सिंह मौजूद रहे और विजेताओं को ट्राफी देकर सम्मानित किया।