हलवारा। हवाई सेना के जूनियर वारंट अफसर (जेडब्ल्यूओ) राम आसरा की बेटी निकिता (18) ने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मोबाइल में एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने आत्महत्या का कारण पढ़ाई में कमजोर होना बताया है। थाना सुधार की पुलिस ने मृतका की मां राज सिंह के बयान पर 174 की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से कानपुर के रहने वाले जूनियर वारंट अफसर राम आसरा इन दिनों असम में तैनात हैं। उनका परिवार एयर फोर्स स्टेशन हलवारा के दिलबाग एनक्लेव में रह रहा है। बेटी के आत्महत्या करने की खबर मिलते ही वो हलवारा पहुंच गए। जांच अधिकारी थाना सुधार के थानेदार गुरदीप सिंह ने बताया की शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे निकिता ने घर के पीछे बरामदे में जाकर चुन्नी से फंदा लगा लिया। पता चलने पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के फोन से सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि करते हुए थानेदार गुरदीप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया गया है।