परविंदर सिंह झोटा की हत्या के 11 दिन बाद भी गतिरोध बरकरार है। इंसाफ कमेटी और एसआईटी के बीच शुक्रवार को तीसरी बैठक बेनतीजा रही। शनिवार को झोटा के पिता ने नई मांग की है। उन्होंने सरकार से मानसा के एसएसपी वैभव शर्मा को बदलने की मांग की है।
वहीं मानसा के एक मेडिकल से जुड़े बड़े गोदाम पर सीबीआई की रेड पिछले कई घंटे से चल रही है। सूत्र बताते है कि आरोपी अश्वनी ने सीबीआई पूछताछ में खुलासा किया है, कि मानसा मेडिकल हाॅल नाम की दुकान पर कुछ दवाएं पड़ी हैं, जिसके बाद सीबीआई टीम शुक्रवार एवं शनिवार की आधी रात मानसा पहुंची। टीम ने काफी देर तक जांच पड़ताल की। टीम के साथ सस्पेंड चल रहा ड्रग इंस्पेक्टर नरेश कुमार भी था।
सूत्रों के अनुसार, दुकान से कुछ दवाएं लेने के बाद टीम श्मशान घाट रोड पर मानसा मेडिकल हाल के गोदाम में जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।
मोहाली जिस फैक्टरी से आरोपी अश्वनी नशे के कैप्सूल लेकर आता था, उस फैक्टरी का लिंक भी मानसा मेडिकल हाल के साथ जुड़ रहा है, जिसके चलते सीबीआई ने रेड की है।
कमेटी ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के इस्तीफे की अपनी मुख्य मांग दोहराई। एसआईटी ने इस मांग को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। इसके बाद इंसाफ कमेटी ने मांग की कि उसके पास ऐसी समिति भेजी जाए जिसके पास मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के इस्तीफे की मांग पूरी करने का अधिकार हो। एसआईटी ने इंसाफ कमेटी की बारह अन्य मांगें स्वीकार करने का भरोसा दिया। हालांकि, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के इस्तीफे पर कोई सहमति नहीं बन सकी।